स्थानीय

BDH जन मंच के धरने का तीसरा दिन: विधायक संजय डोभाल ने दिया समर्थन, स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर आर-पार की चेतावनी

Vivek Bisht · 19 अग. 2026, 03:32 PM · 120 व्यूज़

‎BDH जन मंच के धरने का तीसरा दिन: विधायक संजय डोभाल ने दिया समर्थन, स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर प्रशासन से आर-पार की चेतावनी, नमस्कार आप देख रहे हैं 

‎बनचौरा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर बनचौरा में BDH जन मंच का अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। तीसरे दिन आंदोलन को उस समय बड़ा समर्थन मिला, जब यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल धरना स्थल पर पहुंचे और जनमंच के आंदोलन को अपना समर्थन दिया। वहीं, स्वास्थ्य केंद्र की समस्याओं को लेकर डिप्टी CMO उत्तरकाशी प्रेम सिंह पोखरियाल ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलनकारियों और ग्रामीणों से वार्ता की।

‎विधायक संजय डोभाल ने BDH जन मंच के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी विभिन्न मांगों को विस्तार से सुना। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और क्षेत्र की जायज समस्याओं के समाधान के लिए वह हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान का प्रयास करने का आश्वासन दिया तथा आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन दिया।

‎डॉक्टर आलोक रतूड़ी की वापसी की मांग पर जनमंच अडिग रहे 

‎धरना स्थल पर अति प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनचौरा की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र से स्थानांतरित किए गए डॉक्टर आलोक रतूड़ी को तत्काल वापस बनचौरा में तैनात करने की मांग की।

‎ग्रामीणों का कहना है कि डॉक्टर आलोक रतूड़ी क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे थे और उनके स्थानांतरण से दूरस्थ ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों की मांग पर डिप्टी CMO प्रेम सिंह पोखरियाल धरना स्थल पर पहुंचे और समस्याओं को सुना।

‎BDH जन मंच ने स्पष्ट किया कि डॉक्टर आलोक रतूड़ी की वापसी तक उनकी मांग जारी रहेगी। मंच पदाधिकारियों ने कहा कि पूर्व में बड़कोट के डॉक्टर के स्थानांतरण के मामले में शासन स्तर से निर्णय लेकर उन्हें वापस वहीं तैनात किया गया था। ऐसे में जब शासन स्तर पर किसी डॉक्टर की तैनाती को निरस्त कर वापस भेजा जा सकता है, तो बनचौरा के मामले में भी सकारात्मक निर्णय लिया जाना चाहिए।

‎जनमंच ने चेतावनी दी कि यदि डॉक्टर आलोक रतूड़ी को शीघ्र बनचौरा स्वास्थ्य केंद्र में वापस तैनात नहीं किया गया और स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव व्यवस्था शुरू नहीं कराई गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। मंच ने कहा कि टालमटोल करने वाले अधिकारियों के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन के तहत पुतला दहन भी किया जा सकता है।

‎जिला पंचायत सदस्य दीपेंद्र कोहली धरने पर बैठे

‎बिष्ट पट्टी के जिला पंचायत सदस्य दीपेंद्र कोहली भी तीसरे दिन धरना स्थल पर बैठे और आंदोलन को अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की वास्तविक जनसमस्याओं के समाधान के लिए वह लगातार प्रयासरत रहेंगे तथा आंदोलन में अपनी और क्षेत्रवासियों की पूर्ण सहभागिता का आश्वासन दिया।

‎धरना स्थल पर BDH जन मंच के सचिव जगवीर सिंह रावत, कोषाध्यक्ष राजेंद्र सिंह रांगड़, मीडिया प्रभारी विवेक बिष्ट, ग्राम पंचायत खदाड़ा के प्रधान सोहन लाल कोहली, रिखाणगांव प्रधान प्रतिनिधि अनिल चौहान, धारकोट के क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि मनोज कुमार, शीशपाल बिष्ट, चैन सिंह नेगी, त्रेपन लाल, प्रमोद कुमार, क्षेत्र पंचायत सदस्य ब्रेस सेमवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

‎BDH जन मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ सड़क, पुल, शिक्षा, संचार नेटवर्क और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन लगातार जारी रहेगा।

‎विधायक संजय डोभाल के समर्थन और डिप्टी CMO के धरना स्थल पर पहुंचने के बाद अब क्षेत्रवासियों की नजर प्रशासन एवं शासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है। आंदोलनकारियों का कहना है कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समस्याओं के समाधान को लेकर ठोस और समयबद्ध कार्रवाई चाहिए।

शेयर करें:
राज्यमंत्री रामसुन्दर नौटियाल यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र के गांवों में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से संवाद करते हुए
स्थानीय

यमुनोत्री क्षेत्र के गांवों में पहुंचे राज्यमंत्री रामसुन्दर नौटियाल, शोकाकुल परिवारों से मिलकर जताई संवेदना

भागीरथी नदी घाटी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री रामसुन्दर नौटियाल ने 20 सितंबर को यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र के कल्...

21 सित. 2026 · 87 व्यूज़
चिन्यालीसौड़ में पूर्व सैनिकों ने भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान से मुलाकात कर उपनल कर्मचारियों की मांगें रखीं
स्थानीय

चिन्यालीसौड़ में पूर्व सैनिकों ने प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के समक्ष रखीं मांगें, 2027 के लिए दिया समर्थन का आश्वासन

चिन्यालीसौड़ में उपनल के माध्यम से कार्यरत पूर्व सैनिकों एवं सुरक्षा कर्मियों ने भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान से म...

19 सित. 2026 · 258 व्यूज़
चिन्यालीसौड़ आंगनवाड़ी केंद्र में दीपक जलाकर पोषण माह मनातीं महिलाएं
स्थानीय

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर चिन्यालीसौड़ में 150 से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों पर जले दीपक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत चिन्यालीसौड़ के 150 से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों में दीपक जल...

17 सित. 2026 · 388 व्यूज़
चिन्यालीसौड़ की जर्जर सड़क को लेकर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली का PMGSY को अल्टीमेटम
स्थानीय

चिन्यालीसौड़ की जर्जर सड़कों पर पालिका अध्यक्ष का कड़ा रुख, PMGSY को 7 दिन का अल्टीमेटम

चिन्यालीसौड़ की जर्जर सड़कों को लेकर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली ने PMGSY को दो दिन में मरम्मत शुरू और सात दिन में सड़कें गड्ढामुक्त...

12 सित. 2026 · 214 व्यूज़