प्रसिद्ध शैल यात्रा हरूंता बुग्याल हुई संपन्न, देव ढोल की गूंज और तांदी लोकनृत्य ने बांधा समां
उत्तरकाशी: बाडागड्डी क्षेत्र के आराध्य देव भगवान श्री हरि महाराज की प्रसिद्ध दो दिवसीय शैल यात्रा श्रद्धा, आस्था और भक्ति के वातावरण में हरूंता बुग्याल में संपन्न हुई। इस पावन अवसर पर दूर-दराज़ से सैकड़ों श्रद्धालु पैदल यात्रा कर हरूंता बुग्याल पहुंचे और भगवान श्री हरि महाराज के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
ऊंचे-ऊंचे बुग्यालों, प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर घास के मैदानों और मार्ग में पड़ने वाली पारंपरिक छानियों से होकर गुजरने वाली यह यात्रा श्रद्धालुओं को प्रकृति के अनुपम सौंदर्य के साथ देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से भी जोड़ती है।
यात्रा के दौरान देव ढोल की गूंज से पूरा हरूंता बुग्याल भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। श्रद्धालुओं ने पारंपरिक तांदी लोकनृत्य में उत्साहपूर्वक भाग लिया। लोक संस्कृति, देव परंपरा और प्रकृति के अद्भुत संगम ने आयोजन को भव्य एवं यादगार बना दिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान ने कहा कि “श्री हरि महाराज की शैल यात्रा हमारी समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। ऐसे आयोजन हमारी लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। हमें इस अमूल्य धरोहर को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।”
वहीं गंगोत्री विधायक सुरेश सिंह चौहान ने कहा कि “देवभूमि उत्तराखंड की पहचान उसकी धार्मिक आस्था, देव संस्कृति और लोक परंपराएं हैं। हरूंता बुग्याल की यह शैल यात्रा क्षेत्रवासियों की आस्था का केंद्र है और सरकार भी ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है।”
इस अवसर पर पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, डुंडा ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार, बाडागड्डी जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि देवेन्द्र नाथ, देव ढोल वादक दल तथा क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
जय हरि महाराज।
संबंधित खबरें
मां नंदा की यात्रा का अनोखा प्रतीक है चौसिंग्या खाडू, चार सींगों वाला मेढ़ा करता है यात्रा की अगुवाई
चार सींगों वाला चौसिंग्या खाडू मां नंदा देवी राजजात यात्रा की सबसे अनोखी पहचान है। धार्मिक मान्यता के अनुसार खाडू यात्रा में मां न...
खदाड़ा के श्री नागराजा मंदिर में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
श्री नागराजा मंदिर दिव्य धाम खदाड़ा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। देव डोली के साथ भक्ति के जयकारे गूंजे और सिद्धवा र...
यमुनोत्री भ्रमण के दौरान बड़ली पहुंचे मनवीर चौहान, श्री सिद्धेश्वर महाराज के आषाढ़ मेले में हुए शामिल
यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र के भ्रमण के दौरान भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ग्राम पंचायत बड़ली में आयोजित भगवान श्री सिद्...
सम्पन्न हुई दशगी हातड़ क्षेत्र के आराध्य भगवान श्री सिद्धेश्वर महादेव की पौराणिक आषाढ़ी जात्रा एवं ऐतिहासिक दिरयाणा मेला
उत्तरकाशी के दशगी हातड़ क्षेत्र में भगवान श्री सिद्धेश्वर महादेव की पौराणिक आषाढ़ी जात्रा एवं ऐतिहासिक दिरयाणा मेला श्रद्धा और परं...